मीडिया का दायित्व है सत्य को जनता तक पहुंचाना: अशोक श्रीवास्तव

नारद जयंती कार्यक्रम में संस्कृति, इतिहास और राष्ट्रीय मूल्यों पर जोर


हरिद्वार। नारद जयंती के अवसर पर आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं डीडी न्यूज के मुख्य एंकर अशोक श्रीवास्तव ने मीडिया की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि मीडिया का मूल कर्तव्य है कि वह समाज के सामने सत्य को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करे। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए सही इतिहास, मजबूत संस्कार और जागरूक समाज अत्यंत आवश्यक हैं।


अशोक श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि भारत ने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए जनता को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराया, जिससे देश की मजबूती का परिचय मिलता है, जबकि कई अन्य देश आर्थिक संकट से जूझते रहे। उन्होंने पश्चिम बंगाल के हालिया चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्षों बाद शांतिपूर्ण मतदान हुआ, जिसके लिए चुनाव आयोग और केंद्रीय बलों की सराहना की जानी चाहिए।


उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानियों, विशेषकर भगत सिंह को याद करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि बच्चों और युवाओं को इतिहास और संस्कृति से जोड़ने के लिए मंदिरों एवं सामाजिक संस्थाओं में प्रतियोगिताएं और संस्कार आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रो. रमाकांत पांडेय ने कहा कि फिल्मों और धारावाहिकों में भगवान नारद की छवि को अक्सर गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने बताया कि नारद मुनि वास्तव में लोककल्याण के संदेशवाहक, महान ज्ञानी और भक्तों के मार्गदर्शक थे, न कि केवल हास्य या चुगली करने वाले पात्र।


महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि सच्ची शांति केवल भक्ति, सेवा और भगवान के नाम स्मरण से ही प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि नारद मुनि पूरे ब्रह्मांड में भ्रमण कर भगवान की महिमा का गुणगान करते थे और मानवता को धर्म एवं सेवा का संदेश देते थे। उन्होंने “भज गोविंदम्” का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के तत्व को समझने से जीवन का सार समझ में आता है।


कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब हरिद्वार के पूर्व अध्यक्ष अमित शर्मा ने किया, जबकि स्वागत समिति अध्यक्ष पत्रकार बृजेन्द्र हर्ष ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम संयोजक ललितेन्द्र नाथ ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. शिवशंकर जायसवाल ने कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत की, वहीं जिला प्रचार प्रमुख देवेश वशिष्ठ एवं डॉ. रजनीकांत शुक्ल ने अतिथियों का परिचय कराया।


इस अवसर पर वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार पंडित ज्वाला प्रसाद शांडिल्य की कृति “काव्यांजलि सत्यनारायण कथा” का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचार प्रमुख पदम् जी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षाविदों, समाजसेवियों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन पर अपने विचार साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *