हरिद्वार। सनातन धर्म की रक्षा और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा में नागा संन्यासियों की भूमिका सदियों से चर्चा का विषय रही है। इसी क्रम में श्रीमहंत गोपाल गिरी महाराज ने नागा संन्यासी अखाड़ों की स्थापना, उनके इतिहास और धर्म रक्षा के लिए किए गए संघर्षों से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने विशेष रूप से वर्ष 1757 में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा और गोकुल की रक्षा के लिए नागा संन्यासियों द्वारा अहमद शाह अब्दाली की सेना के विरुद्ध किए गए संघर्ष का उल्लेख किया।
श्रीमहंत गोपाल गिरी महाराज के अनुसार, वर्ष 1757 में आवाहन, अटल और महानिर्वाणी अखाड़े के करीब चार हजार नागा संन्यासियों ने अहमद शाह अब्दाली (दुर्रानी) की सेना का सामना किया था। उनका दावा है कि नागा संन्यासियों ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा और गोकुल की रक्षा के लिए मोर्चा संभाला और अब्दाली की सेना को कड़ी चुनौती दी।
धर्म रक्षा के लिए अखाड़ों की स्थापना की परंपरा का किया उल्लेख
श्रीमहंत गोपाल गिरी महाराज ने बताया कि नागा संन्यासी परंपरा में अखाड़ों का गठन धर्म की रक्षा और सनातन परंपराओं के संरक्षण के उद्देश्य से हुआ। उन्होंने आवाहन अखाड़े की प्राचीन परंपरा का उल्लेख करते हुए इसके संस्थापक संतों के नाम भी बताए। उनके अनुसार, इसके बाद अटल अखाड़े तथा आगे चलकर निर्वाणी अखाड़े की स्थापना हुई। समय के साथ संन्यासी परंपरा में विभिन्न अखाड़ों का विस्तार हुआ और इनके माध्यम से साधु-संतों ने धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाया।
आदि शंकराचार्य से जोड़ी नागा परंपरा की कड़ी
श्रीमहंत गोपाल गिरी महाराज ने नागा संन्यासी परंपरा को आदि शंकराचार्य से जोड़ते हुए बताया कि शंकराचार्य ने अद्वैत वेदांत के प्रचार-प्रसार के लिए व्यापक यात्रा की और सनातन धर्म को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने परंपरागत आख्यान का उल्लेख करते हुए कहा कि बौद्ध धर्म के प्रभाव के दौर में धर्म की रक्षा के लिए शंकराचार्य ने संन्यासी परंपरा से जुड़े साधुओं का सहयोग लिया। इसी क्रम में आवाहन, अटल और महानिर्वाणी अखाड़ों के साधुओं द्वारा उनके साथ खड़े होने और संघर्ष करने की कथा का उल्लेख मिलता है।
विभूति और नागा स्वरूप को बताया पहचान
श्रीमहंत गोपाल गिरी महाराज के अनुसार, मण्डन मिश्र से शास्त्रार्थ के दौरान बौद्ध सेना के दो भाग हुए एक पक्ष अपने गुरू के पक्ष में हो गया और दूसरा पक्ष शंकराचार्य जी से युद्ध करने के लिए खड़ा हो गया। तब शंकराचार्य जी तीनों अखाड़े आवाहन, अटल, महानिर्वाणी के पास आये और सहायता मांगी। तब आवाहन, अटल, महानिर्वाणी अखाड़े ने शंकराचार्य जी की सहायता की और बौद्धों से युद्ध किया। पहले दिन के युद्ध में यह पता नहीं चला की बौद्ध कितने मारे गए और संन्यासी कितने मारे गए। तभी तीनों अखाड़े के मुखियाओं ने रात्रि में बैठक की और यह निर्णय लिया की पता नहीं हम में से कौन जितेगा और कौन मरेगा। हम अपना पिण्ड दान कर दें तो अच्छा होगा। इस के लिए तीनों अखाड़े के साधुओं ने शंकराचार्य जी से वार्ता की और शंकराचार्य जी को पुरोहित बना कर अपना पिण्ड दान के लिए घाट का गुरू बनाया। बताया कि जब पिण्ड दान करने के लिए घाट पर गये और वस्त्र उतारे और कर्म करने लगे। घाट पर एक ने दूसरे को देखा और ध्यान दिया की हम निर्वस्त्र को अपनी पहचान बनायेंगे।
सुबह जब युद्ध हुआ तब तीनों अखाड़े के संन्यासी विभूति लगाकर मैदान में उतरे और बौद्धों को कुछ समय में मिट्टी ही में मिला दिया। तभी से नागाओं की यह पहचान बन गई और स्वामी शंकराचार्य नागाओं के घाट के गुरू कहलाए। मण्डल मिश्र को व उनकी पत्नी भारती सरस्वती को शंकराचार्य जी ने मृत्यु दण्ड नहीं दिया और उन्हें अपना शिष्य बना कर सनातन धर्म के कार्य में लगाया। इसी परंपरा से नागा संन्यासियों के विशिष्ट स्वरूप की पहचान विकसित हुई। उन्होंने बताया कि युद्ध के लिए संन्यासियों द्वारा शरीर पर विभूति धारण करने की परंपरा ने आगे चलकर नागा साधुओं की विशिष्ट पहचान का रूप लिया। उन्होंने यह भी बताया कि शंकराचार्य परंपरा में चार प्रमुख मठों, दक्षिण में श्रृंगेरी, पूर्व में गोवर्धन, उत्तर में ज्योतिर्मठ और पश्चिम में शारदा मठ की स्थापना से जुड़ी परंपरा रही है। इन मठों के माध्यम से वेदांत और सनातन दर्शन के प्रचार-प्रसार को आगे बढ़ाया गया।
चार मठों और अखाड़ों की परंपरा का विस्तार
श्रीमहंत गोपाल गिरी महाराज ने बताया कि चारों मठों की परंपरा के साथ विभिन्न संन्यासी संप्रदाय और अखाड़े समय के साथ विकसित होते गए। उनके अनुसार, बाद के काल में आनंद अखाड़ा, निरंजनी अखाड़ा, अग्नि अखाड़ा और जूना अखाड़ा आदि अस्तित्व में आए। उन्होंने कहा कि अखाड़ों ने केवल आध्यात्मिक साधना तक अपनी भूमिका सीमित नहीं रखी, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर धर्म, संस्कृति और तीर्थों की रक्षा में भी योगदान दिया।
1757 की घटना को बताया नागाओं के शौर्य का उदाहरण
श्रीमहंत गोपाल गिरी महाराज ने कहा कि मथुरा और गोकुल की रक्षा से जुड़ी 1757 की घटना नागा संन्यासियों की वीरता और धर्म के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि नागा साधुओं की परंपरा में आध्यात्मिक साधना के साथ धर्म और संस्कृति की रक्षा का भाव भी महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि आज भी अखाड़ों के संत सनातन परंपराओं, तीर्थों और धार्मिक संस्कृति के संरक्षण के लिए सक्रिय हैं। नागा संन्यासियों का इतिहास केवल साधना की परंपरा नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या और धर्म के प्रति समर्पण की गाथा भी है।


