गंगा पूजन के साथ हरिद्वार में निकली उत्तराखंड न्याय यात्रा, हरक सिंह रावत ने उठाई जनअधिकारों की आवाज

बोले- जनता के सवालों से बच नहीं सकती भाजपा सरकार, अन्याय के खिलाफ जारी रहेगा संघर्ष


हरिद्वार। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के नेतृत्व में शुक्रवार को हरिद्वार में उत्तराखंड न्याय यात्रा निकाली गई। मां गंगा की पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई यात्रा के बाद कोतवाली के सामने स्थित स्वतंत्रता सेनानी शहीद पार्क में जनसभा हुई। इसमें कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर जनसमस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जनअधिकारों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।


जनसभा में हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण लंबे जनसंघर्ष और राज्य आंदोलनकारियों के बलिदान से हुआ है। सरकार को युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, महंगाई और जनसुविधाओं से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए पीड़ित परिवार की न्याय की मांग और उठाए गए सवालों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान करने की मांग की।


रावत ने कहा कि जनता के अधिकारों, मातृशक्ति के सम्मान और युवाओं के भविष्य के लिए कांग्रेस मजबूती से आवाज उठाएगी। विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय यात्रा के माध्यम से लोगों की समस्याएं उठाकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष किया जाएगा।


जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि हरिद्वार की जनता बेहतर नागरिक सुविधाएं, सुरक्षित सड़कें और जवाबदेह प्रशासन चाहती है। कांग्रेस जनसमस्याओं को लेकर सरकार और संबंधित विभागों से जवाब मांगती रहेगी।


यात्रा में विधायक रवि बहादुर, विधायक फुरकान अहमद, पूर्व राज्यसभा सांसद ईसम सिंह, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष चौहान, तेलूराम प्रधान, अनिल भास्कर, अशोक शर्मा, रामयश सिंह, प्रदीप चौधरी, आलोक शर्मा, राजीव भार्गव, रचना शर्मा, हिमांशु गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *