किराये का मकान, व्हाट्सएप पर ग्राहक! देह व्यापार का भंडाफोड़, हरिद्वार की युवती भी मिली

देहरादून। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्राह्मणवाला स्थित संस्कृति लोक कॉलोनी में एक किराये के मकान पर छापा मारकर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों में कथित तौर पर देह व्यापार संचालित करने वाली महिला भी शामिल है। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 3500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पकड़ी गई महिलाओं में एक हरिद्वार की निवासी है।


पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर को पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को सूचना मिली कि संस्कृति लोक कॉलोनी की लेन नंबर एक में किराये के मकान में अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। पुलिस के अनुसार, एक कमरे में महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। इसके बाद चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।


व्हाट्सएप से ग्राहकों से संपर्क का आरोप
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी अजमीरा ने मकान किराये पर लिया था। आरोप है कि वह बाहरी जनपदों और राज्यों से महिलाओं को बुलाकर कथित तौर पर देह व्यापार संचालित करती थी। ग्राहकों से मोबाइल फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर महिलाओं की तस्वीरें भेजे जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, ग्राहकों की मांग पर महिलाओं को किराये के कमरे में बुलाया जाता था।


हरिद्वार और रुद्रपुर की महिलाएं भी शामिल
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महिला (42), निवासी संस्कृति लोक कॉलोनी, ब्राह्मणवाला, देहरादून; शेख अजीजल (30), निवासी संस्कृति लोक कॉलोनी, ब्राह्मणवाला, देहरादून, महिला (25), निवासी खेड़ा कैंप, रुद्रपुर, ऊधमसिंह नगर और महिला (23), निवासी डेंसो चौक, सिडकुल, हरिद्वार के रूप में की है।


अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम में मुकदमा
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 3500 रुपये नकद बरामद हुए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक नरेश राठौड़, प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर; वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी; उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी आईएसबीटी; महिला उपनिरीक्षक शिखा; कांस्टेबल पंकज और महिला कांस्टेबल किरण शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *