पूर्व सभासद अशोक शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन, बोले-समस्या दूर होने तक जारी रहेगा आंदोलन
हरिद्वार। सप्तऋषि क्षेत्र में जलभराव, सीवर लाइन चौक होने और क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या को लेकर स्थानीय व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ अनूठे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व सभासद अशोक शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने डमरू बजाकर प्रशासन को जगाने का प्रयास किया और जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व सभासद अशोक शर्मा और करण राणा ने कहा कि पिछले 25 वर्षों से क्षेत्र में विकास के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके विपरीत दिखाई दे रही है। यात्री बाहुल्य सप्तऋषि क्षेत्र में जलभराव, सीवर लाइन चौक होने और सड़कें क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार गंदा पानी जमा होने से लोगों का आवागमन प्रभावित है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि चुनाव के समय ही जनता के बीच दिखाई देते हैं, जबकि रोजमर्रा की समस्याओं से लोगों को खुद जूझना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। सरकार और प्रशासन को जगाने के लिए डमरू बजाकर प्रदर्शन किया गया है।
सन्नी मल्होत्रा और पार्षद सुनील कुमार ने कहा कि प्रशासन और नगर निगम गहरी नींद में सोए हुए हैं। उन्हें जगाने के लिए यह प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे शहर में सड़कों की स्थिति खराब है और जगह-जगह क्षतिग्रस्त सड़कें लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। सड़क खराब होने के कारण लोग चोटिल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
स्थानीय व्यापारियों जितेंद्र सिंह और मनोज ने कहा कि जलभराव और सीवर की समस्या का सीधा असर कारोबार पर पड़ रहा है। ग्राहकों का आवागमन प्रभावित होने से व्यापार चौपट होने की स्थिति में है और कई दुकानदारों के लिए दुकान का किराया निकालना भी मुश्किल हो गया है।
व्यापारियों ने कहा कि सप्तऋषि क्षेत्र में बड़ी संख्या में आश्रम और मंदिर हैं, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सीवर के दूषित पानी से होकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को गुजरना पड़ रहा है। गंदे पानी के कारण संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन और नगर निगम से क्षेत्र की सीवर व्यवस्था दुरुस्त करने, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की।
इस अवसर पर मोहन चंद्र, सुनील शर्मा, अजय, कर्तव्य ममगई, विकास कुमार, अंकुश भाटिया, प्रिंस, राजेंद्र, ओमप्रकाश सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी और लोग मौजूद रहे।


