3.7 तीव्रता का भूकंप, मूनाकोट में 11 किमी गहराई पर था केंद्र, फिलहाल नुकसान की सूचना नहीं
देहरादून। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में रविवार दोपहर भूकंप के झटकों से धरती डोल उठी। झटके महसूस होते ही कई लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 मापी गई। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, रविवार 25 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 51 मिनट 44 सेकंड पर भूकंप आया। इसका केंद्र पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट क्षेत्र में जमीन से 11 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया। भूकंप के बाद राज्य और जिला आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
तिब्बत में आए भूकंप के बाद फिर बढ़ी चिंता
उत्तराखंड में भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले 22 अक्टूबर को तिब्बत में 7.0 तीव्रता के भूकंप की खबर सामने आई थी। उस भूकंप में कई मकानों को नुकसान पहुंचने, घरों में दरारें आने और कई इमारतों के ढहने की जानकारी दी गई थी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, हादसे में 16 लोगों की मौत और 32 लोगों के घायल होने की खबर थी।

