हरिद्वार। जनपद के रुड़की स्थित सोत मोहल्ले में भरे बाजार फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने वाले दो शातिर आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, सोत मोहल्ले में एक निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान मोबाइल चलाने को लेकर दो पक्षों में बीते रोज कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के कुछ युवकों ने गुलशेर पुत्र जमील, निवासी ग्राम बिझौली, पर बीच बाजार तमंचे से फायर कर दिया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग भयभीत हो गए।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुड़की पुलिस में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच उप निरीक्षक सुभाष जखमोला को सौंपी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल के मार्गदर्शन और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप विष्ट के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। सक्रिय मुखबिर तंत्र की सूचना पर पुलिस टीम ने कलियर रोड नहर पटरी के पास दबिश देकर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आसिफ पुत्र आजाद, निवासी कस्बा बरला, जिला मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) व साकिब पुत्र रियाजुल, निवासी ग्राम तेलीवाला पाडली गुर्जर, रुड़की (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


