हरिद्वार। जनपद के कोतवाली भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम बिनारसी में हुए बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड में पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में फरार चल रहे दो और आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब इस मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है, जबकि अन्य वांछित आरोपितों की तलाश अभी भी जारी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान मनीष उम्र 42 वर्ष पुत्र रामबतोरा और सुमित उम्र 22 वर्ष पुत्र लाखन सिंह, निवासी ग्राम बिनारसी, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मांगेराम की हत्या से जुड़े मामले में वांछित थे और काफी समय से फरार चल रहे थे। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को चुड़ियाला स्थित एक ईंट भट्टे के पास से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
उल्लेखनीय है कि यह सनसनीखेज घटना 1 फरवरी 2026 को कोतवाली भगवानपुर क्षेत्र के बिनारसी गांव में हुई थी। रविदास जयंती शोभायात्रा के समापन के बाद गांव में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद भड़क उठा। पहले पक्ष के लोगों ने गांव के ही युवक आनंद की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से गुस्साए दूसरे पक्ष के लोगों ने मांगेराम (55 वर्ष) को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ, जिसमें आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
इस दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए। प्रथम पक्ष के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। जबकि द्वितीय पक्ष पर भी हत्या, मारपीट और हिंसा से संबंधित धाराओं में केस पंजीकृत किया गया। पुलिस पहले ही 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, और अब दो और गिरफ्तारी के बाद यह आंकड़ा 17 पहुंच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य वांछित आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


