पत्रकारों के समर्थन में किसान, व्यापारी और वकील एकजुट, एसडीएम की वार्ता बेनतीजा

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर तहसील में पत्रकारों के साथ कथित अभद्रता और जान से मारने की धमकी के मामले में मंगलवार को एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला द्वारा बुलाई गई बैठक बेनतीजा रही। कई घंटों तक चली बातचीत के बावजूद दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई को लेकर कोई सहमति नहीं बन सकी, जिसके बाद पत्रकारों समेत किसान संगठनों, व्यापार मंडल और अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला।


बैठक में भारतीय किसान यूनियन क्रांति अराजनैतिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास सिंह सैनी, जिला अध्यक्ष अनिल चौधरी, लक्सर प्रेस क्लब के पदाधिकारी, द सिविल बार एसोसिएशन और व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी संगठनों ने पत्रकारों के साथ हुई घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास बताया।


भारतीय किसान यूनियन क्रांति अराजनैतिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास सिंह सैनी ने कहाकि पत्रकारों के साथ अभद्रता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि प्रशासन ने दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं की तो 29 मई को तहसील परिसर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


वहीं, द सिविल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सहदीप चौधरी ने कहाकि तहसील में जिस तरह पत्रकारों के साथ व्यवहार किया गया, वह बेहद निंदनीय है। अधिवक्ता समाज पत्रकारों के सम्मान की लड़ाई में उनके साथ खड़ा है।


लक्सर प्रेस क्लब के महामंत्री जाने आलम ने आरोप लगाया कि एसडीएम के सामने पत्रकारों के साथ अभद्रता हुई, इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


भारतीय किसान यूनियन क्रांति के राष्ट्रीय प्रवक्ता तौफीक अहमद ने कहा कि किसान संगठन पत्रकारों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। प्रशासन अगर कार्रवाई से बचता रहा तो पूरे क्षेत्र में बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा। सभी संगठनों ने 29 मई तक कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।


इस मौके पर लक्सर प्रेस क्लब के पदाधिकारी रजनीश धीमान, जाने आलम, संजय धीमान, दीपक सोमपाल, फरमान, फिरोज, रजनीश, अरुण, राकेश और जसवीर, अमन चौधरी सहित अन्य पत्रकार बंधु मौजूद रहे। वहीं किसान संगठन की ओर से विकास सैनी, अनिल चौधरी, अनिल, अर्जुन प्रधान और तौफीक अहमद उपस्थित रहे। बार एसोसिएशन लक्सर के पदाधिकारियों में सहदीप चौधरी, प्रवीण गोयल, जितेंद्र सिंह सहित अन्य अधिवक्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *