नसीरपुर कला में प्रधान पति पर जानलेवा हमला,दूसरे पक्ष ने घर में घुसकर मारपीट का लगाया आरोप

नाली निरीक्षण से शुरू हुआ विवाद या पुरानी दुश्मनी का विस्फोट?
विनोद धीमान।

लक्सर। नसीरपुर कला गांव में 25 मई को हुआ विवाद अब बड़े खूनी संघर्ष का रूप ले चुका है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमे दर्ज कराए हैं। मामले में प्रधान पति और गांव के कई लोगों के नाम सामने आने से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


ग्राम प्रधान के पति साजिद अली ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि वह 25 मई की शाम करीब छह बजे गांव में चल रहे नाली सफाई कार्य का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते हिस्ट्रीशीटर जावेद, आलिम, वहाब, मुर्तजा, अमजद, मुस्तफा समेत अन्य लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। उनका आरोप है कि ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद उनकी जान बच सकी। जाते-जाते आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।


वहीं दूसरे पक्ष के मुस्तफा ने भी पुलिस में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मुस्तफा का कहना है कि उसी शाम करीब सात बजे प्रधान पति साजिद अंसारी समेत छह लोग उनके घर में घुस आए और महिलाओं व बच्चों के साथ अभद्रता की। विरोध करने पर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उन्होंने दावा किया कि हमले में उनके पैर में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया।


घटना के बाद गांव में माहौल गर्माया हुआ है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमलावर होने का आरोप लगा रहे हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।


थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सवालों के घेरे में नसीरपुर कला का विवाद
गांव में हुई इस खूनी भिड़ंत के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर पहले हमला किसने किया? क्या पुरानी रंजिश ने इस संघर्ष को जन्म दिया या मामला कुछ और है? इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे। फिलहाल पूरे इलाके की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *