हरिद्वार। हरिद्वार में अवैध निर्माण और अनाधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। राजा गार्डन रोड, तालाब के निकट जमालपुर क्षेत्र में श्री सूरज सैनी द्वारा लगभग 8-10 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को प्राधिकरण की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के प्लॉटिंग और निर्माण कार्य किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है।
प्राधिकरण की टीम ने मौके पर उपस्थित निर्माणकर्ता को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि बिना विधिवत मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य आगे न किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में नियमों का उल्लंघन किया गया तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


