ट्रांसफार्मर तेल चोरी का खुलासा: 240 लीटर तेल के साथ एक दबोचा, दो फरार

विनोद धीमान

हरिद्वार। कोतवाली लक्सर पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही विद्युत ट्रांसफार्मर तेल चोरी की घटनाओं का बड़ा खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 240 लीटर ट्रांसफार्मर तेल बरामद किया है, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।


पुलिस के अनुसार, यह गिरोह रात के समय खेतों और सुनसान स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाकर उनमें से तेल चोरी करता था। मामले का खुलासा तब हुआ जब 15 फरवरी 2026 को 33/11 केवी विद्युत उपसंस्थान लक्सर के अवर अभियंता ने नंदपुर रायसी निवासी अनुज के नलकूप पर लगे ट्रांसफार्मर से तेल चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार निगरानी के बाद 19 अप्रैल 2026 को पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ लिया। उसके पास से 240 लीटर ट्रांसफार्मर तेल के अलावा चोरी में प्रयुक्त TVS Apache मोटरसाइकिल और Hyundai Eon कार भी बरामद की गई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान आशू (24 वर्ष), निवासी ग्राम महाराजपुर खुर्द, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।


इस मामले में विद्युत अधिनियम के साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और सख्त की जाएगी तथा अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *