मां की हत्या की साजिश में बेटी और प्रेमी गिरफ्तार, संपत्ति के लालच में रची थी वारदात



शहीद भगत सिंह कॉलोनी रायवाला में 65 वर्षीय खजानी देवी की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश उनकी बेटी शिल्पा थापा ने अपने प्रेमी शिवनारायण पांडे उर्फ सोनू के साथ मिलकर रची थी। पुश्तैनी संपत्ति में हिस्सा न मिलने और मां द्वारा दोनों के रिश्ते का विरोध किए जाने से नाराज शिल्पा ने कथित तौर पर मां को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।


21 सितंबर को खजानी देवी घर में अपनी छह वर्षीय पोती के साथ थीं। रात करीब साढ़े 10 बजे उनका बेटा संजय पुंडीर घर पहुंचा तो मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा मिला। ताला तोड़कर अंदर जाने पर खजानी देवी बाथरूम में मृत मिलीं। इसके बाद रायवाला थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।


वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने छह टीमें गठित कीं। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस के अनुसार करीब 700 कैमरों की फुटेज और 500 होटल-धर्मशालाओं की जानकारी की जांच के दौरान शिवनारायण पुलिस के रडार पर आया। मुखबिर की सूचना पर उसे 25 सितंबर को हरिद्वार के शांतिकुंज आश्रम से गिरफ्तार किया गया।


पुलिस के मुताबिक पूछताछ में शिवनारायण ने शिल्पा के कहने पर हत्या करने की बात बताई। इसके बाद 26 सितंबर को शिल्पा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का दावा है कि शिल्पा ने शिवनारायण को खजानी देवी को अपनी सौतेली मां बताकर गुमराह किया था और उसे भरोसा दिलाया था कि मां की मौत के बाद उसे पुश्तैनी जमीन में हिस्सा मिलेगा, जिसे बेचकर दोनों नई जिंदगी शुरू कर सकते हैं।


पुलिस के अनुसार शिवनारायण आर्थिक तंगी और कर्ज से भी जूझ रहा था। उसकी पूर्व में बैटरी रिक्शा एजेंसी थी, लेकिन कारोबार में नुकसान के बाद उस पर करीब 10 लाख रुपये की देनदारी हो गई थी। पुलिस का कहना है कि इसी आर्थिक दबाव के बीच उसे संपत्ति में हिस्से का लालच दिया गया।


जांच में यह भी सामने आया कि खजानी देवी को बेटी और शिवनारायण के रिश्ते की जानकारी थी और वह इससे नाराज थीं। पुलिस के मुताबिक 19 सितंबर को दोनों खजानी देवी से मिलने पहुंचे थे, जहां रिश्ते को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद हत्या की साजिश को अंजाम देने की योजना बनी।


पुलिस का दावा है कि शिल्पा ने मां के घर में अकेले रहने का समय भी शिवनारायण को बताया था। 21 सितंबर को वह इसी दौरान घर पहुंचा और कथित तौर पर खजानी देवी की हत्या कर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की आगे जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *