हल्द्वानी। नैनीताल जिले की धारी तहसील में भूमि की नाप कराने के एवज में 30 हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में विजिलेंस ने पटवारी निर्मल बोरा को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने 26 सितंबर को ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी पटवारी को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ा।
मामला धारी तहसील के मौड़ा गांव का है। शिकायतकर्ता अपनी जमीन की नाप कराने के लिए पटवारी निर्मल बोरा के पास पहुंचा था। आरोप है कि भूमि की नाप की कार्रवाई के बदले पटवारी ने उससे 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर दी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने गोपनीय जांच की। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और ट्रैप टीम गठित की गई।
26 सितंबर को टीम ने धारी तहसील में जाल बिछाया। शिकायतकर्ता ने जैसे ही पटवारी को 30 हजार रुपये दिए, विजिलेंस टीम ने उसे रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विजिलेंस निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने कार्रवाई करने वाली टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत करने की अपील करते हुए कहा कि रिश्वत मांगने वाले सरकारी कर्मचारियों की सूचना सतर्कता अधिष्ठान को दी जाए। शिकायत के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 और व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 9456592300 उपलब्ध है।


