जमीन घोटाले के फरार आरोपियों पर SSP हरिद्वार का शिकंजा, ढोल-नगाड़ों के साथ हुई उद्घोषणा

हरिद्वार। अपराध और अपराधियों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार का कड़ा रुख लगातार जारी है। जमीन धोखाधड़ी के एक चर्चित मामले में फरार चल रहे आरोपियों के विरुद्ध माननीय न्यायालय के आदेश पर धारा 84 BNSS के तहत ढोल-नगाड़ों के साथ उद्घोषणा की कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, 23 मार्च को सुधीर त्यागी ने बी.डी. इंटर कॉलेज की भूमि को फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अवैध रूप से बेचने के आरोप में दुष्यंत त्यागी एवं संस्था के अन्य सदस्यों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP हरिद्वार ने तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पुलिस ने इस प्रकरण में आरोपित दुष्यंत त्यागी और मुरसलीन को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

वहीं, मामले में नामजद दो अन्य आरोपी बाबूराम पुत्र सुगनचंद निवासी खजुरी, थाना झबरेड़ा तथा महेंद्र सिंह पुत्र रतन सिंह निवासी रुहालकी, थाना भगवानपुर लंबे समय से फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए न्यायालय के आदेशानुसार धारा 84 BNSS के तहत उनके निवास स्थानों पर ढोल-नगाड़ों के साथ उद्घोषणा की कार्रवाई की गई।

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से बचने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *