राजनाथ सिंह बोले- उत्तराखंड में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार, हमारा और आपका कमल कर रहा कमाल

भाजपा की असली ताकत सरकार नहीं, संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं, रक्षा मंत्री ने कार्यकर्ताओं को दिए संगठन मजबूती के नौ सूत्र


धामी सरकार के फैसलों और विकास कार्यों की सराहना, मुख्यमंत्री बोले- 2027 में जीत की हैट्रिक लगाएगी भाजपा


हरिद्वार। भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में रविवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जोश भरा। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हमारा और आपका कमल कमाल कर रहा है। हिमालय की तरह अडिग धामी सरकार के नेतृत्व में प्रदेश मां गंगा की अविरल धारा की तरह विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। जनता का भरोसा भाजपा के साथ है और कार्यकर्ताओं की मेहनत इस भरोसे को और मजबूत करेगी।


हरिद्वार में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसकी सरकार नहीं, बल्कि संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। सत्ता में रहते हुए भी संगठन उतना ही सक्रिय और जीवंत रहना चाहिए, जितना विपक्ष में रहते हुए होता है। उन्होंने कहा कि लगातार दो बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है। अब तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा।


राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा का संगठन देवदार के विशाल वृक्ष की तरह मजबूत और गहरी जड़ों वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व, उनकी जनकल्याणकारी नीतियां और कार्यकर्ताओं का समर्पण पार्टी की लगातार मिल रही सफलताओं का आधार है। देश के 20 से अधिक राज्यों में एनडीए की सरकारें होना भाजपा की व्यापक स्वीकार्यता का प्रमाण है। प्रधानमंत्री का विकसित और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प जनकल्याण की भावना से प्रेरित है।


उन्होंने भाजपा की वैचारिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान न होने का संकल्प तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद पार्टी की वैचारिक नींव हैं। भाजपा अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी के लिए सत्ता कभी साध्य नहीं रही, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का माध्यम है। विचारधारा और सिद्धांतों से समझौता करना भाजपा की संस्कृति नहीं है।


कार्यकर्ताओं को दिए संगठन मजबूती के नौ सूत्र
रक्षा मंत्री ने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने के लिए नौ सूत्र दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को सांसद, विधायक और मंत्री बनने के बाद संगठन से अपनी निकटता और बढ़ानी चाहिए। मंडल, जिला और बूथ स्तर पर नियमित संवाद होना चाहिए, ताकि प्रत्येक कार्यकर्ता नेतृत्व से जुड़ाव महसूस करे।


उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता समाज का फर्स्ट रिस्पॉन्डर बने। किसी आपदा, दुर्घटना या संकट के समय सबसे पहले जरूरतमंदों की सहायता के लिए पहुंचे। डिजिटल युग में सोशल मीडिया का उपयोग केवल प्रचार के लिए नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं, अपेक्षाओं और भावनाओं को समझने के लिए भी किया जाए।


राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को राजनीति में मर्यादा बनाए रखने की नसीहत देते हुए कहा कि व्यक्तिगत हमलों और अमर्यादित भाषा से बचना चाहिए। विपक्ष की उकसाने वाली भाषा का जवाब भी तथ्यों और अपने संस्कारों के अनुरूप देना चाहिए। युवाओं को संगठन से जोड़कर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय युवा टीम तैयार की जाए और उन्हें नेतृत्व के अवसर दिए जाएं।


उन्होंने कहा कि विपक्ष के आरोपों और दुष्प्रचार का जवाब पूरी तैयारी और प्रमाणिक तथ्यों के साथ दिया जाना चाहिए। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाई जाए। केवल योजनाओं की सूची बताने के बजाय यह भी बताया जाए कि उनसे आम नागरिकों के जीवन में क्या बदलाव आया है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने आचरण में नैतिकता, अनुशासन और ईमानदारी बनाए रखे। संगठन में पद और दायित्व को लेकर आपसी मतभेद नहीं होने चाहिए। एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।


धामी सरकार के फैसलों को बताया साहसिक
राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और महत्वपूर्ण निर्णयों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण के लिए भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।


उन्होंने उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य बनने, समान नागरिक संहिता लागू करने, कठोर नकल विरोधी कानून बनाने, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा नियंत्रण कानून जैसे निर्णयों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसे फैसलों के लिए दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति और जनहित को सर्वोपरि रखने का साहस चाहिए।


रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश और उद्योगों का विस्तार हो रहा है। स्टार्टअप की संख्या बढ़ने से युवाओं में स्वरोजगार और उद्यमिता की भावना मजबूत हुई है। अब उत्तराखंड का युवा केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला भी बन रहा है। उन्होंने सरकारी और सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए प्रदेश सरकार की कार्रवाई की भी सराहना की।


उन्होंने कहा कि सड़क, रेल और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने से प्रदेश की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में विकास कार्य तथा चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या उत्तराखंड की बदलती तस्वीर को दर्शाती है। महिला सशक्तिकरण और सैनिकों के सम्मान के लिए किए जा रहे प्रयास भी सराहनीय हैं। शहीद सैनिकों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में वृद्धि और देहरादून के गुन्नियाल गांव में निर्माणाधीन सैन्य धाम सैनिक सम्मान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।


उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी गौरवशाली सैन्य परंपरा, समृद्ध संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से है। इन विशेषताओं को सुरक्षित रखते हुए प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना सरकार और संगठन की साझा जिम्मेदारी है।


मुख्यमंत्री बोले- 35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद देश में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उस समय भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे राजनाथ सिंह आज रक्षा मंत्री के रूप में देश की सुरक्षा और सामर्थ्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में डबल इंजन सरकार ने विकास की नई इबारत लिखी है। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन और लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले नकल माफिया पर कार्रवाई के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं। नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक आरोपियों को जेल भेजा गया है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को योग्यता और मेहनत के आधार पर अवसर उपलब्ध कराना है।


धामी ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना संचालित की जा रही हैं। खिलाड़ियों के दैनिक भोजन भत्ते को 250 रुपये से बढ़ाकर 480 रुपये किया गया है। इससे उन्हें बेहतर पोषण और प्रशिक्षण की सुविधाएं मिल रही हैं।


3.56 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, एक लाख करोड़ से अधिक धरातल पर
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्रदेश को 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। इससे प्रदेश में उद्योगों के विस्तार, रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को गति मिली है।
उन्होंने कहा कि लखवाड़, सौंग, जमरानी और किसाऊ जैसी महत्वपूर्ण बहुउद्देशीय बांध परियोजनाएं प्रदेश की जल सुरक्षा, पेयजल उपलब्धता, सिंचाई और ऊर्जा जरूरतों के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। केंद्र सरकार के सहयोग से सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, पर्यटन और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है।


धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा-2026 में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह बेहतर यात्रा प्रबंधन, सुविधाओं और धार्मिक पर्यटन के विस्तार का प्रमाण है। आपदा के समय केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित किए गए। प्रभावितों तक सहायता पहुंचाने और जनजीवन सामान्य बनाने के लिए सरकार ने तत्परता से काम किया।


कांग्रेस पर लगाया दुष्प्रचार का आरोप
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास सरकार के विकास कार्यों का जवाब देने के लिए कोई ठोस तथ्य नहीं हैं। इसलिए वह अफवाहों और दुष्प्रचार के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और तथ्यों के आधार पर विपक्ष को जवाब देने का आह्वान किया।


उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के संदर्भ में कहा कि उनके योगदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर प्रत्येक देशवासी को गर्व है। राहुल गांधी की ओर से डोभाल के संबंध में की गई टिप्पणियों को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। वहीं, समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहे जाने पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के वीर सैनिकों, राष्ट्रभक्तों और मेहनतकश नागरिकों का इस तरह अपमान किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस नेताओं की चुप्पी भी सवाल खड़े करती है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों पर निरंतर विश्वास जताया है। उत्तराखंड में भी जनता ने हर चुनाव में भाजपा का समर्थन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता के आशीर्वाद से भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाते हुए बड़े बहुमत से सरकार बनाएगी।


राष्ट्रहित और जनसेवा से समझौता नहीं करेगी भाजपा : राजनाथ
अपने संबोधन के समापन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित और जनहित से कभी समझौता नहीं करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की राह पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने तथा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाना है। इसके लिए संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के साथ निरंतर संवाद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *