साली की विदाई से पहले जीजा की उठी अर्थी, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, हादसे के बाद चालक फरार


हरिद्वार।
घर में शहनाइयां गूंज रही थीं। शादी की रस्में पूरी हो चुकी थीं और दुल्हन की विदाई की तैयारियां चल रही थीं। हर तरफ खुशियों का माहौल था, लेकिन किसी को क्या पता था कि कुछ ही पलों में यह खुशियां मातम में बदल जाएंगी। साली की शादी में शामिल होने आए जीजा की हाईवे पर सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार कार की टक्कर से जान गंवाने वाले सतीश चार मासूम बच्चों के पिता थे। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, सहारनपुर जिले के मनिहाराम गांव निवासी सतीश पुत्र सक्कू अपनी साली निशा पुत्री चंद्रपाल की शादी में शामिल होने के लिए रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर गांव आए थे। शादी समारोह में हंसी-खुशी का माहौल था। बताया गया कि दुल्हन की विदाई से पहले सतीश किसी जरूरी सामान को लेने के लिए गांव के सामने से गुजर रहे हाईवे पर गए थे। इसी दौरान रुड़की की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही सतीश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन उन्हें आनन-फानन में रुड़की के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सतीश की मौत की खबर जैसे ही शादी वाले घर पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक मंगलगीत गूंज रहे थे, वहां मातम पसर गया। दुल्हन की विदाई से पहले ही परिवार को ऐसा सदमा लगा कि शादी की खुशियां गम में तब्दील हो गईं।

चार मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से हर कोई गमगीन है। उधर, हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *