महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि महाराज के सान्निध्य में आयोजित होगा देव दिवाली महोत्सव, गंगा पूजन-दीपदान और सुंदरकांड पाठ का होगा आयोजन
हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा पर कनखल स्थित सुरत गिरि बंगला गिरिशानदं आश्रम में 24 नवंबर को देव दिवाली महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। सुरत गिरि बंगला अद्वैत पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर आचार्य स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि महाराज के सान्निध्य में आयोजित होने वाले इस धार्मिक महोत्सव में विभिन्न आध्यात्मिक एवं धार्मिक कार्यक्रम होंगे।
महोत्सव का शुभारंभ शाम चार बजे सामूहिक सुंदरकांड पाठ के साथ होगा। कार्यक्रम शाम 5.30 बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम 5.30 से 6.30 बजे तक सामूहिक गंगा पूजन, दीपदान एवं गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु मां गंगा की पूजा-अर्चना कर दीपदान करेंगे और सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
इसके बाद शाम 6.30 से 7.30 बजे तक श्री सत्यनारायण व्रत कथा एवं आरती होगी। धार्मिक कार्यक्रमों के समापन के बाद रात्रि आठ से नौ बजे तक भंडारा एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
आश्रम के कोठारी स्वामी उमानंद गिरि महाराज ने श्रद्धालुओं से देव दिवाली महोत्सव में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

