सुल्तानपुर की समर फातिमा ने बढ़ाया मान, जामिया मिलिया और एशियन स्कूल में हासिल किया प्रवेश

हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र के सुल्तानपुर आदमपुर निवासी मोहम्मद अफजाल, जो जल विद्युत निगम में अधिशासी अभियंता के पद पर कार्यरत हैं, की पुत्री समर फातिमा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

समर फातिमा ने इस वर्ष अप्रैल माह में आयोजित सीबीएसई बोर्ड हाई स्कूल परीक्षा में डीपीएसजी स्कूल से 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की। इसके साथ ही उन्होंने कक्षा 11 में प्रवेश के लिए जामिया मिलिया और एशियन स्कूल की प्रवेश परीक्षाओं में भाग लिया।

अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर समर ने दोनों प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर एक और उपलब्धि अपने नाम की। विशेष बात यह रही कि जामिया मिलिया इस्लामिया की कक्षा 11 गर्ल्स प्रवेश परीक्षा में देशभर से लगभग डेढ़ लाख परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें समर फातिमा ने लिखित परीक्षा में 26वां स्थान प्राप्त कर शानदार सफलता अर्जित की। समर की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने समर को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

समर फातिमा ने भविष्य में सिविल सेवाओं और एनडीए में जाकर देश सेवा करने की इच्छा व्यक्त की है। उनकी सफलता आज क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *