हरिद्वार। चार दिन से लापता एक स्कूल ड्राइवर का शव गंगनहर से बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्वालापुर के सीतापुर निवासी 44 वर्षीय रवि चौहान 15 अप्रैल को संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता हो गए थे। अगले ही दिन उनकी पत्नी दिव्या चौहान ने ज्वालापुर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी रही, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।
रविवार को जटवाड़ा पुल रेगुलेटर के पास गंगनहर में एक शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पहचान के बाद शव रवि चौहान का निकला। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में शव का एक हाथ मुड़ा हुआ पाया गया, जिससे परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। वहीं, कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।


