मोबाइल गेम की लत बनी मौत का कारण, जहरीला पदार्थ खाकर युवक ने दी जान

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर के निहंदपुर सुठारी गांव में मोबाइल गेम की लत एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गई। 20 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर गेम में हजारों रुपये हारने के बाद जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


जानकारी के अनुसार निहंदपुर सुठारी निवासी शोएब पुत्र जुल्फिकार का सुल्तानपुर में जूतों का शोरूम है। परिजनों ने उसे दुकान के लिए सामान खरीदने को करीब 40 हजार रुपये दिए थे। सूत्रों के मुताबिक युवक मोबाइल गेम खेलने का आदी था और उसने पूरी रकम गेम में गंवा दी। परिजनों के डर से युवक ने मंगलवार को जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
युवक की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां बुधवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सुल्तानपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की अस्पताल भेज दिया।


सुल्तानपुर चौकी प्रभारी बीरेंद्र नेगी ने बताया कि निहंदपुर गाँव से युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की सूचना मिली थी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान शोएब पुत्र जुल्फिकार निवासी निहंदपुर सुठारी, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। पंचनामा भर दिया गया है,पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *