युवक को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप, एसएसपी से जांच की मांग
हरिद्वार। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद कथित ब्लैकमेलिंग और लाखों रुपये की रकम वसूलने का मामला सामने आया है। पथरी थाना क्षेत्र के बादशाहपुर निवासी एक व्यक्ति ने एसएसपी को शिकायत देकर एक युवती और उसके कथित साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच के साथ बैंक खातों और संदिग्ध लेनदेन की पड़ताल कराने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, उसके पुत्र की इंस्टाग्राम के माध्यम से देवबंद क्षेत्र की एक युवती से पहचान हुई थी। आरोप है कि दोस्ती बढ़ने के बाद युवती ने युवक पर मानसिक दबाव बनाना शुरू कर दिया और कथित तौर पर ब्लैकमेल करते हुए उससे लाखों रुपये की रकम ले ली। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम देने से इनकार करने पर युवक को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती थी।
शिकायत में बताया गया कि बाद में युवक ने युवती से बातचीत बंद कर दी। आरोप है कि इसके बाद युवती की ओर से उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया और युवक को जेल जाना पड़ा। मामले की जानकारी मिलने पर परिजनों ने युवक के बैंक खातों की पड़ताल की तो अलग-अलग तारीखों में हुए लाखों रुपये के लेनदेन की जानकारी सामने आई।
परिजनों का आरोप है कि कुछ रकम युवती ने अपने कथित साथियों के माध्यम से अन्य लड़कियों के बैंक खातों में भी जमा कराई। इसी आधार पर शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि युवती और उसके साथी अन्य युवकों को भी कथित तौर पर निशाना बनाकर ब्लैकमेलिंग और रकम वसूली कर सकते हैं।
शिकायतकर्ता ने एसएसपी से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने, संबंधित बैंक खातों और लेनदेन का सत्यापन करने तथा आरोप सही पाए जाने पर युवती और उसके कथित साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

