विष्णु लोक में खूनी वारदात, बुजुर्ग दंपति समेत तीन की हत्या

पेचकस से कपूर दंपति और घरेलू सहायिका पर हमला, शोर मचने पर भागा आरोपी, लोगों ने दबोचा

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर लूट के इरादे से घर में घुसे एक बदमाश ने बुजुर्ग दंपति और उनकी घरेलू सहायिका की हत्या कर दी। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

घटना विष्णु लोक कॉलोनी स्थित मकान नंबर 16 में दोपहर करीब तीन बजे हुई। यहां 85 वर्षीय रमेश कपूर अपनी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर के साथ रहते थे। उनके घर पर 45 वर्षीय घरेलू सहायिका शीला भी काम करती थी।

पड़ोस में रहने वाली भारती भंडारी के अनुसार, दोपहर में उन्हें कपूर दंपति के घर से शोर-शराबे की आवाज सुनाई दी। वह बाहर निकलीं तो एक युवक घर में काम करने वाली महिला पर पेचकस से हमला करता दिखाई दिया। भारती ने शोर मचाया तो आरोपी पेचकस लेकर उनकी ओर भी दौड़ा, लेकिन आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने से वह घबरा गया और भागने लगा।

घर के बाहर मौजूद एक व्यक्ति ने पीछा कर आरोपी को कुछ दूरी पर पकड़ लिया। इसके बाद सूचना मिलने पर रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

इधर पुलिस और स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल कपूर दंपति और घरेलू सहायिका को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी लूट के इरादे से घर में घुसा था। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

मृतक दंपति के दो बेटे हैं, जो दिल्ली और पुणे में रहते हैं। एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से विष्णु लोक क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *