छह साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग, निकाह का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, दी तहरीर
विनोद धीमान
हरिद्वार। छह साल तक प्रेम संबंध रहे, निकाह का भरोसा दिया और साथ जीने-मरने के सपने दिखाए, लेकिन जब निकाह की बारी आई तो प्रेमी दूसरी युवती से शादी की तैयारी करने लगा। इसकी भनक लगते ही प्रेमिका ने पुलिस चौकी पहुंचकर मोर्चा खोल दिया। प्रेमी की बारात निकलने से पहले ही युवती सुल्तानपुर पुलिस चौकी पहुंच गई और निकाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी। घटना के बाद दोनों पक्षों में हलचल मची हुई है।
मामला सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र के निहंदपुर सुठारी गांव से जुड़ा है। युवती के मुताबिक, भिक्कमपुर चौकी क्षेत्र के बाकरपुर गांव निवासी फैजान के साथ वर्ष 2020 से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि युवक ने उससे निकाह करने का भरोसा दिया और इसी आधार पर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवती का आरोप है कि इस दौरान युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए।
युवती का कहना है कि पिछले तीन महीने से युवक के व्यवहार में बदलाव आने लगा था। वह निकाह की बात को लगातार टाल रहा था, जबकि दूसरी ओर फोन कर उसे मिलने के लिए बुलाता रहता था। इसी बीच युवती को जानकारी मिली कि उसका प्रेमी 24 नवंबर को भगवानपुर क्षेत्र के एक गांव में दूसरी युवती से निकाह करने जा रहा है।
यह जानकारी मिलते ही युवती सुल्तानपुर पुलिस चौकी पहुंच गई और युवक पर निकाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए तहरीर सौंप दी। युवती प्रेमी से ही निकाह करने की मांग पर अड़ी हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने उसे समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह अपनी मांग पर कायम रही।
उधर, पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया था, लेकिन वह खुद चौकी नहीं पहुंचा। उसकी जगह उसका बड़ा भाई, छोटा भाई और कुछ अन्य लोग चौकी पहुंचे। प्रेमी के निकाह से ठीक पहले प्रेमिका के पुलिस चौकी पहुंचने से मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
सुल्तानपुर चौकी प्रभारी ने बताया कि युवती की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

