घर से उड़ाए थे सोने-चांदी के जेवर, करीब पांच लाख रुपये के गहने बरामद
हरिद्वार। कनखल के गुरुबक्श विहार में घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक चोरी की वारदात को पीड़ित की पड़ोस में रहने वाली महिला ने अंजाम दिया था। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात बरामद कर लिए हैं। बरामद गहनों की बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है।
गुरुबक्श विहार कनखल निवासी नितिन राठी ने दो अक्तूबर को कोतवाली कनखल में तहरीर देकर बताया था कि एक अक्तूबर को उनके घर से अज्ञात व्यक्ति ने सोने और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान उसी बिल्डिंग में पीड़ित के पड़ोस में रहने वाली एक महिला की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस ने छह अक्तूबर को महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात बरामद कर लिए।
पुलिस के अनुसार बरामद जेवरात की बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये है। आरोपी महिला के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।

