हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर में तैनात आरक्षी सुमित जुयाल का आज तडक़े दिल्ली स्थित बेदांत अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
आरक्षी सुमित जुयाल का पार्थिव शरीर आज दोपहर अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार लाया गया, जहां खडख़ड़ी श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत आरक्षी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सेरेमोनियल गार्ड द्वारा शोक सलामी दी गई, जिससे वातावरण गमगीन हो गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, परिजन और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से आरक्षी को अंतिम विदाई दी।
जानकारी के अनुसार, सुमित जुयाल वर्ष 2007 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे और वर्तमान में कोतवाली रानीपुर में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वे अपने परिवार के साथ देहरादून के रायपुर क्षेत्र में निवास कर रहे थे। पुलिस विभाग ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।


