हरिद्वार। कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट, धमकी और क्रूरता करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार व्हाट्सएप के माध्यम से प्राप्त एक वीडियो में ग्राम दरियापुर क्षेत्र के चार नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट होती दिखाई दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल वीडियो का सत्यापन कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि ग्राम दरियापुर निवासी मेघराज और महावीर, दोनों पुत्र रामप्रसाद, ने चार नाबालिग बच्चों पर कोल्ड ड्रिंक चोरी का आरोप लगाते हुए उन्हें लाठी-डंडों से पीटा। आरोप है कि दोनों ने बच्चों के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा उन्हें बंधक बनाकर क्रूरता का व्यवहार किया। मामले में कोतवाली पिरान कलियर में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बाल अपराधों के प्रति उसकी जीरो टॉलरेंस नीति है और कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


