सैनी समाज को गुमराह करने वाले नेताओं को जनता देगी जवाब: शेषराज सैनी

संजय गुप्ता को बदनाम करने की कोशिश न करें, समाज पढ़ा-लिखा और समझदार है

हरिद्वार। वरिष्ठ भाजपा नेता शेषराज सैनी ने सैनी समाज के नाम पर राजनीति करने वाले नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि समाज को बेवकूफ समझने की भूल न करें। सैनी समाज पढ़ा-लिखा और समझदार है तथा वह सच्चाई को अच्छी तरह समझता है।

शेषराज सैनी ने कहा कि जिन नेताओं के बयान संजय गुप्ता के खिलाफ सामने आए हैं, उन्हें यह स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि समाज ने पूरे मामले की जानकारी जुटा ली है। जिस व्यक्ति को संजय गुप्ता का साला या रिश्तेदार बताकर प्रचारित किया जा रहा है, उसका संजय गुप्ता के परिवार से कोई संबंध नहीं है। ऐसे में संजय गुप्ता को बदनाम करने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सैनी समाज के नाम पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने वाले नेताओं को समाज की समझदारी को कमतर नहीं आंकना चाहिए। यदि इसी तरह समाज को गुमराह करने का प्रयास जारी रहा तो ऐसे नेता राजनीतिक रूप से हाशिये पर चले जाएंगे।

गौरतलब है कि एक व्यक्ति की ओर से सैनी समाज के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद उसे संजय गुप्ता का साला बताकर प्रचारित किया गया था। हालांकि, दावे के अनुसार उक्त व्यक्ति का संजय गुप्ता के परिवार से कोई संबंध नहीं है। इस मामले को लेकर पूर्व में सैनी समाज समेत सर्व समाज के लोगों ने संजय गुप्ता का पुतला फूंके जाने की घटना पर भी नाराजगी जताई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *