दूसरे दिन भी रेलवे ट्रैक पर मिला शव, ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत

सोमवार को दोसनी में मिला था महिला का शव, मंगलवार को विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर लगातार दूसरे दिन शव मिलने से सनसनी फैल गई। मंगलवार को रायसी चौकी क्षेत्र में लक्सर-रायसी के बीच रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रुड़की स्थित मोर्चरी में भिजवा दिया। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।


पुलिस के अनुसार, मंगलवार को रेलवे कंट्रोल रूम मुरादाबाद से सूचना मिली कि लक्सर और रायसी के बीच रेलवे ट्रैक पर खंभा नंबर 19 के पास एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान करीब 45 से 50 वर्षीय व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। उसके माथे पर गंभीर चोट थी, जबकि एक पैर भी टूटा हुआ था।


पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। मृतक ने क्रीम रंग की बनियान, ग्रे रंग का इनर, नीले-काले रंग की कमीज, ग्रे स्वेटर, पीला निक्कर और काली पैंट पहनी हुई थी। पुलिस ने शव को रुड़की मोर्चरी में रखवाकर पंचनामा समेत अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


गौरतलब है कि सोमवार को भी लक्सर क्षेत्र के दोसनी रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला का शव मिला था। लगातार दूसरे दिन रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की घटना से क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। पुलिस दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *