हल्द्वानी। जिले के पंतनगर क्षेत्र के टांडा जंगल में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों दोस्तों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। इस हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
शादी समारोह से लौटने के बाद हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, जसपुर के महुवाखेड़ा मजरा निवासी अनिकेत (20), जो नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत था, अपने दोस्तों के साथ हल्द्वानी में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। रविवार को वह रुद्रपुर पहुंचा और अपने दोस्त आकाश (24) (निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश) के पंतनगर स्थित कमरे पर गया। बाद में दोनों अपने तीसरे मित्र रोहन (22) (निवासी बगड़ी, रुड़की, हरिद्वार) के साथ स्कूटी से हल्द्वानी पहुंचे और शादी में शामिल हुए।
मोबाइल लेने लौटते समय बना हादसे का कारण
रात में कार्यक्रम से लौटकर तीनों दोस्त पंतनगर वापस आ गए थे। इसी दौरान उन्हें पता चला कि उनका एक मोबाइल हल्द्वानी में ही छूट गया है। मोबाइल लेने के लिए वे रात करीब 12 बजे दोबारा स्कूटी से हल्द्वानी के लिए निकले। जब वे संजय नगर से करीब दो किलोमीटर आगे टांडा जंगल क्षेत्र में पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर बेहद तेज थी, जिस कारण से स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्कॉर्पियो के एयरबैग तक खुल गए। तीनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस ने टीमें गठित की हैं।
घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। अपने बेटों के शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। तीनों युवक अपने-अपने परिवारों के इकलौते सहारे बताए जा रहे हैं।


