हरिद्वार। सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर, गाजियाबाद के पीठाधीश्वर, जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता तथा दिल्ली संत महामंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज को जूना अखाड़ा की 13 मढ़ी का अध्यक्ष बनाया गया है। अध्यक्ष बनने पर महाराज का महाराष्ट्र से लेकर गाजियाबाद तक अनेक स्थानों पर स्वागत अभिनंदन किया गया।
माहुगढ़ नांदेड़ महाराष्ट्र स्थित श्री दत्त शिखर संस्थान में जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज को श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा की 13 मढ़ी का अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने की। जूना अखाड़ा के अध्यक्ष श्रीमहंत मोहन भारती महाराज,वरिष्ठ अध्यक्ष श्रीमहंत उमाशंकर भारती महाराज, मंत्री ओम भारती महाराज, श्रीमहंत शिवानंद सरस्वती महाराज, श्री दत्त शिखर संस्थान के महंत डॉ धनेश्वर उर्फ योगी शाम भारती महाराज समेत देश-विदेश से आए संतों ने महाराज को 13 मढ़ी का अध्यक्ष बनने पर बधाई दी व उनका अभिनंदन किया।
नागपुर सूर्यनंद गिरि महाराज, महाराष्ट्र कृष्णकांत गोस्वामी समेत सैकडों भक्तों ने स्वागत किया। श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि यह भगवान दूधेश्वर की कृपा ही है कि उन्हें भगवान, सनातन धर्म व देश की सेवा करने का अवसर प्राप्त हो रहा हैै। हम सभी को मिलकर सनातन धर्म को एकजुट कर उसे मजबूत बनाना है और सनातन धर्म का परचम पूरे विश्व में फहराकर उसे पुनः विश्व में शिखर पर पहुंचाना है।


