‘पानी और जवानी के पलायन’ पर मंथन, स्वामी आनंद स्वरूप ने रखा उत्तराखंड विकास का विजन
हरिद्वार। शाम्भवी पीठाधीश्वर एवं काली सेना के संस्थापक स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने रविवार को रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क एवं लोकदर्शन कार्यक्रम के तहत विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं तथा क्षेत्र के विकास और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने कहा कि उनका उद्देश्य उत्तराखंड को भारत का पहला आदर्श हिंदू राज्य बनाना है, जहां सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के साथ प्रत्येक नागरिक को बेहतर सुविधाएं, सम्मानजनक जीवन और सुशासन प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि जनसेवा उनके सार्वजनिक जीवन का मूल आधार है और वे समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं।
जनसंपर्क अभियान के तहत उन्होंने सराय क्षेत्र में अंकित शर्मा के निवास पर स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की। इसके बाद हाईवे ग्रीन कॉलोनी में रितेश सिंह, विमलेश मिश्र, मनोज मिश्र, दुर्गेश पांडे, संजीव शर्मा, जगदीश शर्मा, विशाल सिंह और विकास सिंह के आवासों पर पहुंचकर क्षेत्रीय समस्याओं एवं विकास कार्यों पर चर्चा की।
शिवालिक नगर में समाजसेवी एवं शिवा मंदिर के महासचिव शशिभूषण पांडे के निवास पर आयोजित बैठक में उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक परिस्थितियों पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं टिहरी विस्थापित कॉलोनी में राज तिवारी के निवास पर आयोजित बैठक में प्रदेश से हो रहे “पानी और जवानी के पलायन” के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया। उपस्थित लोगों ने रोजगार, शिक्षा और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देकर पलायन की समस्या के स्थायी समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में मनोज शुक्ल, सभासद चंद्रभान सिंह, अपर्णा तिवारी, प्रमोद डोभाल, राजनारायण मिश्र, राजेश बिष्ट, खेमचंद, विवेक वर्मा, सूरत सिंह भंडारी और अनीता बिष्ट सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने प्रदेश को ईमानदार, दूरदर्शी और जनहितैषी नेतृत्व की आवश्यकता बताते हुए स्वामी आनंद स्वरूप महाराज से उत्तराखंड के नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में स्वामी जी ने सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसंपर्क अभियान निरंतर जारी रहेगा और जनता की आवाज को प्रमुखता के साथ उठाया जाएगा।


