बाबाओं की लीला: टीवी पर गुणगान का खेल जारी, अध्यक्ष पद का मोह भी नहीं छूट रहा, अब सरकारी मोहर लगने की चर्चा

दोस्ती टूटी, टीवी पर एक का जलवा! अखाड़े से पैदल बाबा को अब भी अध्यक्ष पद का मोह


हरिद्वार।
बाबाओं की दुनिया भी बड़ी अजीब है। यहां कब कौन किसका अपना बन जाए और कब कौन किससे किनारा कर ले, इसका अंदाजा लगाना आसान नहीं है। यूं कहें कि जिस तरह तराजू के पलड़े में रखकर मेढ़कों को तौलना मुश्किल है, ठीक उसी तरह इन बाबाओं के मिजाज और मंशा को समझ पाना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। कभी एक-दूसरे के साथ खड़े रहने की कसमें खाने वाले अब अलग-अलग राहों पर नजर आ रहे हैं। दोस्ती ऐसी टूटी कि साथ की तस्वीरें तक गायब हो गईं। अब सवाल यह है कि आखिर यह बदलाव विचारों का है, स्वार्थ का या फिर कुर्सी की चाह का? बाबाओं की इस निराली लीला में हर दिन नया मोड़ सामने आ रहा है।

आपस में कथित रूप से हुई खटपट के बाद पूरा घटनाक्रम ही बदल गया है। अब टीवी पर एक ही बाबा का गुणगान होता दिखाई दे रहा है। केकई और दो बीबियों वाले बाबा को तो प्रमुखता से जगह मिल रही है, लेकिन जिस दूसरे बाबा का फायदा उठाकर आर्थिक लाभ लिया उनको तो विसरा दिया गया। वह अचानक तस्वीर से ही गायब हो गया है। कथित टीवी चैनल पर प्रसारित वीडियो क्लिप में भी अब चंगू-मंगू की जोड़ी ही दिखाई दे रही है।

हालात ऐसे हो गए हैं कि कभी एक-दूसरे के साथ खड़े नजर आने वाले बाबा अब एक-दूसरे का चेहरा देखना भी पसंद नहीं कर रहे हैं। पर्दे के पीछे चल रही खींचतान अब पर्दे पर भी दिखाई देने लगी है। दिलचस्प बात यह है कि तमाम उठापटक और किरकिरी के बावजूद एक बाबा के सिर से अध्यक्ष पद का ताज पहनने का सपना उतरने का नाम नहीं ले रहा है। मानो अध्यक्ष की कुर्सी का मोह तमाम मुश्किलों पर भारी पड़ रहा हो। हालांकि वह कभी अध्यक्ष बन नहीं पाए, किन्तु वर्षों से उनकी यह हसरत मन में हिलोर अवश्य ले रही है।

उधर, चर्चा यह भी है कि संबंधित बाबा के साथ एक और घटनाक्रम होने वाला है। अखाड़े की गतिविधियों में उनकी स्थिति पहले ही कमजोर बताई जा रही है, लेकिन अब उनके पैदलपन पर सरकारी मुहर लगने की चर्चाएं भी तेज हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में उनकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

अब देखना दिलचस्प होगा कि बाबा अध्यक्ष बनने का सपना पूरा कर पाते हैं, टीवी पर अपना गुणगान देखकर ही आत्मसंतोष करते हैं या फिर अखाड़े की ओर से भी उन्हें पूरी तरह पैदल कर दिया जाता है। फिलहाल बाबाओं की इस सियासी और धार्मिक उठापटक पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *