बाक्करपुर में गूंजा पोषण का संदेश, पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने की गर्भवती महिलाओं की गोदभराई

हरिद्वार। बाल विकास विभाग की ओर से पोषण जागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से लक्सर के बाक्करपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाक्करपुर, रणजीतपुर और रायघटी रामपुर की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित पोषण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। स्वस्थ मां से ही स्वस्थ परिवार और समाज का निर्माण संभव है।

सीडीपीओ सुधा त्रिपाठी ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार लेने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छह माह की आयु पूरी होने के बाद बच्चों को पूरक आहार देना उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने विभागीय योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान 10 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी कर उन्हें पोषण किट वितरित की गई। वहीं चार नौनिहालों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को टीकाकरण, स्वच्छता और पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी।

इस दौरान सुपरवाइजर बबीता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता प्रीति सैनी, संतो, कोमल, सीमा, सुदेश, मेनका और कविता समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *