हरेला पर्व पर गूंजा हरित उत्तराखंड का संकल्प, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने किया रुद्राक्ष का पौधारोपण

नगर वन देवपुरा में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान
हरिद्वार।
उत्तराखंड के लोक पर्व हरेला के पावन अवसर पर वन विभाग द्वारा नगर वन देवपुर में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने रुद्राक्ष का पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

सतपाल महाराज ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, कृतज्ञता और संरक्षण के संकल्प का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में वृक्ष, नदियां, पर्वत और वन सदैव पूजनीय रहे हैं। यदि प्रकृति सुरक्षित रहेगी तो मानव जीवन भी सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध रहेगा।

उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ता प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र आज पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती हैं। ऐसे समय में हरेला जैसे अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा, हिमालय, घने वन, पवित्र नदियां और समृद्ध जैव विविधता राज्य की पहचान होने के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय लोगों की आजीविका का भी प्रमुख आधार हैं। वन संरक्षण और पर्यटन विकास एक-दूसरे के पूरक हैं।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि हरिद्वार देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ, हरित और सुंदर वातावरण मिले, इसके लिए पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

कार्यक्रम में अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणर के सचिव श्रीमहंत रवीन्द्र पुरी महाराज ने कहा कि भारत की प्राचीन संस्कृति में प्रकृति संरक्षण की समृद्ध परंपरा रही है। उन्होंने लोगों से पीपल, वट और नीम जैसे अधिक ऑक्सीजन देने वाले वृक्ष लगाने और उनका संरक्षण करने का आग्रह किया।

गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने जल स्रोतों के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एसडीओ वन विभाग पूनम कैंथोला ने किया।

इस अवसर पर मेयर किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, डॉ. जयपाल सिंह चौहान, लव शर्मा, आशु चौधरी, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, अपर मुख्य वन संरक्षक सुरेंद्र मेहरा, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, वन विभाग के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *