हरेला पर जन अधिकार पार्टी का अनोखा विरोध, सड़कों के गड्ढों में किया वृक्षारोपण

हरिद्वार। हरेला पर्व के अवसर पर जन अधिकार पार्टी (ज.) ने सरकार की नीतियों के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भण्डारी और ग्रामीण अध्यक्ष कोमल ने सड़कों के गड्ढों में पौधरोपण कर खराब सड़कों और कथित पेड़ कटान के खिलाफ विरोध जताया।


हेमा भण्डारी ने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर हरेला पर वृक्षारोपण का प्रचार करती है, जबकि दूसरी ओर विकास कार्यों के नाम पर बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई हो रही है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में हजारों पेड़ों की कटाई से हरियाली प्रभावित हुई है और वृक्षारोपण केवल कागजों तक सीमित रह गया है।


उन्होंने सरकार से अवैध कटान पर रोक लगाने, सड़कों को गड्ढा मुक्त करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। वहीं ग्रामीण अध्यक्ष कोमल ने कहा कि हरेला प्रकृति संरक्षण का पर्व है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की बदहाल सड़कें सरकार की लापरवाही को दर्शाती हैं।


जन अधिकार पार्टी ने मांग की कि पेड़ों की कटाई पर रोक लगाई जाए और प्रत्येक कटे पेड़ के बदले 10 नए पौधे लगाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *