हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र में 4.2 फ्लाईओवर के पास सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य के लिए पुलिस व एंबुलेंस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार टनकपुर डिपो की रोडवेज बस संख्या UK07 PA 2812 नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, जबकि पिकअप वाहन संख्या PB65 BH 7296 हरिद्वार से बिजनौर की ओर जा रहा था। पिकअप में करीब 10 लोग सवार थे। आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सवार दो व्यक्ति फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे।
घटना की सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस, रात्रि अधिकारी सहित अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। क्षेत्राधिकारी नगर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत कार्य का जायजा लिया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय हरिद्वार पहुंचाया गया।
उपचार के दौरान अहान (18) पुत्र शराफत निवासी बड़ापुर, नजीबाबाद तथा एक अज्ञात करीब 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल शराफत (42) और उनकी पत्नी शबाना (35) को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई।
अन्य घायलों में अन्नू (18) पुत्र मेहंदी हसन, सोनी लाल (25) पुत्र राम रहीश निवासी हरदोई तथा शमीम (42) पुत्र हसीनुद्दीन निवासी बिजनौर का जिला चिकित्सालय हरिद्वार में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिए हैं तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को हाइड्रा मशीन की सहायता से सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है।


