हरिद्वार में ऑटो और ई-रिक्शा की आमने-सामने भिड़ंत, सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा, कई यात्री घायल

दूधाधारी चौक पर तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, महिलाओं समेत कई यात्री सड़क पर गिरे


हरिद्वार।
धर्मनगरी हरिद्वार के व्यस्त दूधाधारी चौक के पास रविवार को एक ऑटो और ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में सवार यात्री सड़क पर छिटककर गिर पड़े। हादसे में महिलाओं समेत कई यात्रियों को हल्की चोटें आईं। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। दूधाधारी चौक के समीप दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और तेज आवाज के साथ टकरा गए। टक्कर लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घायलों में महिलाओं समेत कई यात्रियों और बैटरी रिक्शा चालक को हल्की चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।


वायरल सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दोनों वाहन तेज गति से चल रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर खुदाई के बाद छोड़े गए मिट्टी के ढेर से बचने के प्रयास में दोनों चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठे, जिसके चलते आमने-सामने की टक्कर हो गई। फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *