उफनाई सोलानी में तिनके की तरह बहा अस्थायी पुल, कई गांवों का संपर्क टूटा

घरों में घुसा बाढ़ का पानी, ग्रामीणों को अब 20 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ेगा


विनोद धीमान

हरिद्वार। जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच सोलानी नदी उफान पर है। तेज बहाव के कारण हस्तमौली गांव के पास ग्रामीणों द्वारा बनाया गया अस्थायी पुल नदी में बह गया। पुल बहने से कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है और बाढ़ का पानी आबादी क्षेत्र तक पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।


ग्रामीणों के अनुसार, यह अस्थायी पुल उन्होंने स्वयं तैयार कराया था, जिससे लोग पैदल और मोटरसाइकिल के जरिए अपने खेतों तक पहुंचते थे। लेकिन नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद पुल तेज बहाव में तिनके की तरह बह गया। ग्रामीण लखविंदर सिंह, राजेंद्र सिंह समेत अन्य लोगों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी।


सूचना मिलने पर एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे, स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से नदी के किनारे न जाने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की।


पुल बहने से हस्तमौली, शहीपुर, आबदीपुर, मदारपुर, दादूपुर और राजपुर सहित कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। अब ग्रामीणों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए या तो जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी होगी या फिर उत्तर प्रदेश के पुरकाजी मार्ग से करीब 20 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।


ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द वैकल्पिक पुल या आवागमन की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि लोगों की आवाजाही सामान्य हो सके और किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *