जेल में हुई दोस्ती, बाहर शुरू किया नकली नोटों का खेल, पुलिस ने किया पर्दाफाश

पंजाब से फेक करेंसी गैंग का सरगना गिरफ्तार, 1.10 लाख के नकली नोट और प्रिंटर बरामद


हरिद्वार।
पुलिस ने फेक करेंसी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कस्टडी रिमांड के दौरान मिली अहम जानकारी के आधार पर पंजाब से गिरोह के मुख्य सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1,10,000 के नकली नोट, नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटर और एक वरना कार बरामद की है।

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि इस पूरे मामले की शुरुआत 6 जुलाई को हुई थी, जब कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने सरजीत सिंह, टिंकू, सुमित कुमार और संजीव कुमार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 84,500 के नकली नोट बरामद किए थे। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया था।

बाद में 10 जुलाई को न्यायालय से पुलिस कस्टडी रिमांड मिलने पर टिंकू और सुमित से हुई पूछताछ में पंजाब कनेक्शन सामने आया। इसके बाद हरिद्वार पुलिस की टीम पंजाब पहुंची और पठानकोट हाईवे स्थित बापू दा ढाबा से पवन कुमार को 5,000 के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया। वहीं सुखबीर सिंह को 1,00,000 के नकली नोट, प्रिंटर और वरना कार के साथ दबोच लिया गया।

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि पवन कुमार ढाबा संचालक है और ढाबे की आड़ में नकली नोटों का कारोबार करता था, जबकि सुखबीर सिंह कपड़ों के व्यवसाय की आड़ में इस अवैध धंधे को संचालित कर रहा था। आरोपियों का नेटवर्क 50,000 असली लेकर 1,00,000 के नकली नोट उपलब्ध कराकर मोटा मुनाफा कमाता था।

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि जांच में यह भी खुलासा हुआ कि सुखबीर सिंह वर्ष 2020 में बैंक फ्रॉड और 2024 में जाली करेंसी के मामले में पंजाब की जेल जा चुका है, जबकि पवन कुमार वर्ष 2022 में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल गया था। जेल में दोनों की दोस्ती हुई और वहीं से नकली नोटों का कारोबार शुरू करने की साजिश रची गई।

एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई को फेक करेंसी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके राष्ट्रीय नेटवर्क की भी जांच कर रही है।गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते पवन कुमार पुत्र मोहिन्द्र कुमार निवासी ग्राम शिखर तहसील डेरा बाबा नानक थाना कोटली सूरत मल्ली जिला गुरदासपुर पंजाब उम्र 32 वर्ष व सुखबिर सिंह पुत्र तारा सिंह निवासी भटिक्के थाना तरशिक्का जिला अमृतसर पंजाब उम्र 52 वर्ष बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उनका चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *