पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, जांच में सहयोग का दावा

हरिद्वार। भाजपा के ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक रहे सुरेश राठौड़ को रविवार को पुलिस अपने साथ ले गई। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।


जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ अपने बुग्गावाला स्थित कैंप कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान सादे कपड़ों में कुछ लोग वहां पहुंचे और उन्होंने सुरेश राठौड़ को बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने उन्हें बुलाया है। इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें अपने साथ वाहन में बैठाकर डालनवाला थाने ले गए।


पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने बताया कि वह पुलिस जांच में पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्होंने अब तक किसी प्रकार की ऑडियो या वीडियो क्लिप जारी नहीं की है और न ही ऐसा कोई कार्य किया है जिससे जांच प्रभावित हो। उन्होंने विश्वास जताया कि जांच एजेंसियों के समक्ष सभी तथ्य स्पष्ट हो जाएंगे।


सूत्रों के अनुसार, पुलिस कुछ मामलों में जानकारी जुटाने और आवश्यक पूछताछ के लिए सुरेश राठौड़ से बातचीत कर रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक रूप से कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है और न ही सुरेश राठौर को हिरासत में लेने की बात कही है।


घटना के बाद सुरेश राठौड़ के समर्थकों में भी हलचल देखी गई। वहीं राजनीतिक गलियारों में इस कार्रवाई को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं चल रही हैं। फिलहाल सभी की नजर पुलिस की आगामी कार्रवाई और आधिकारिक जानकारी पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *