रानीपुर में भाजपा का प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन आयोजित, विकसित भारत-2047 के संकल्प पर हुआ मंथन

हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी द्वारा रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को एक भव्य प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आयोजन किया गया। गंगानगरी स्थित एक होटल में आयोजित सम्मेलन में समाज के विभिन्न बौद्धिक एवं पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े वरिष्ठ चिकित्सकों, शिक्षाविदों, अभियंताओं, अधिवक्ताओं, पूर्व सैन्य अधिकारियों, साहित्यकारों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता भेल से सेवानिवृत्त मानव संसाधन महाप्रबंधक एस.के. अग्रवाल ने की। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की विकास यात्रा, केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा “विकसित भारत-2047” के संकल्प पर विचार-विमर्श करना रहा।


इस अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग किसी भी समाज की दिशा और दशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि जनमत निर्माण और राष्ट्र को सकारात्मक दिशा देने में बुद्धिजीवियों का योगदान सदैव निर्णायक रहा है। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।


उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आधारभूत संरचना के विस्तार, डिजिटल क्रांति और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा ने देश को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने प्रबुद्ध वर्ग से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने में अपना योगदान दें।


सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा जिला महामंत्री संजीव चौधरी ने केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि मजबूत विदेश नीति, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति, सांस्कृतिक पुनर्जागरण, आर्थिक सुधारों तथा तेजी से हो रहे आधारभूत विकास ने देश को नई दिशा दी है।


कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों ने देश, प्रदेश और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव और विचार रखे। भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों को नीति निर्माण और संगठनात्मक गतिविधियों में महत्व दिया जाएगा।


सम्मेलन में उपस्थित बुद्धिजीवियों ने एक स्वर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए सक्रिय सहयोग और सहभागिता का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष विपिन शर्मा, वरुण वशिष्ठ, अशोक मेहता, आशीष झा, संदीप राठी, वरिष्ठ अधिवक्ता राजकुमार, तरसेम सिंह चौहान, गौरव कपिल, शिक्षाविद शशिभूषण पांडेय, रतनलाल, कवि सुभाष मलिक, रेखा सिंघल, डॉ. रोहित सिंघल, बबीता योगाचार्य, मानवेंद्र पाठक, विकास जैन, राजकुमार यादव, रमेश पाठक, शिवशंकर पांडेय, पंकज चौहान, हरिओम चौहान, राकेश चौहान, अनुज चौहान, अजीत जैन, निर्मल सिंह, वीरेंद्र अवस्थी, महेन्द्र सैनी, भारत भूषण चौहान, विकास राजपूत, राधेश्याम पाल, अनुज शर्मा, मनोज शर्मा, वरुण चौहान, ए.के. माथुर, मोहित शर्मा, रविंद्र कुमार, योगेंद्र अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *