हरिद्वार। बाइक व डीसीएम की हुई टक्कर में बाइक सवार एक युवक व एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा मंगलवार को पथरी थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर में लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर हुआ।
जानकारी के मुताबिक जमालपुर कलां से राजा बाइक पर दो महिलाओं के साथ सवार होकर बालावाली मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जा रहा था। जैसे ही वह पथरी थाना क्षेत्र स्थित गांव शेरपुरी पहुंचे तो लक्सर से हरिद्वार की ओर आ रहे डीसीएम से उनकी भिडंत हो गई। जिसमें राजा निवासी बिजनौर यूपी की मौके पर ही मौत हो गई। राजा जमालपुर कलां में रिश्तेदारी में आया हुआ था।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कनखल स्थित एक निजी अस्पताल भिजवाया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही एक महिला ने दम तो़ड़ दिया। मृतका का नाम लक्ष्मी बताया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। दूसरी महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है।


