देवभूमि में किसी भी सूरत में गौकशी बर्दाश्त नहीं:संजय गुप्ता

हरिद्वार। जिले में बढ़ रहे गौ तस्करी व गौकशी के मामलों पर चिंता जताते हुए पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस गौ माता की हम पूजा करते हैं उसी की हत्या की जाए ये बिल्कुल भी सहन करने वाला कृत्य नहीं है। ऐसे अपराध के लिए सख्त से सख्त सजा का प्रावधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड में भी गौ तस्करांे के घरों पर बुलडोजर की कार्यवाही होनी चाहिए, तब जाकर ऐसे अपराधियों में भय का माहौल बनेगा।

बता दें कि गौ तस्करों को पकड़ने के लिए सोमवार व मंगलवार दो दिन में दो जगह गौ तस्करों ने पुलिस पर हमला किया। जिनके साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई, जिनमें चार गौ तस्कर पकड़े गए, जबकि तीन फरार है। हालांकि गौ तस्करी रोकने के लिए अलग से गौ संरक्षण स्क्वायड भी बना है, जो पुलिस टीम के साथ मिलकर इस तरह के मामलों पर छापेमारी करता है।

पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में जब से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकार है तब से पुलिस लगातार गौ तस्करांे पर नकेल कसने का काम कर रही है। जिस प्रकार से प्रदेश सरकार ने नकल विरोधी और धर्मान्तरण कानून बनाया है उसी प्रकार से गौ तस्करों व गौकशी करने वालों के खिलाफ सख्त कानून बनाने की अब जरूरत है। उन्होंने कहाकि गौ तस्करी व गौकशी करने वालों की सम्पत्ति जब्त व बुलडोजर चलाने जैसी कार्यवाही किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहाकि इसके लिए वे प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगें। कहाकि किसी भी सूरत में हिन्दुओं की आस्था की प्रतीक गौ माता का वध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *