हरिद्वार में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, भाई ने बहन और युवक को मारी गोली

हरिद्वार। झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह कथित गोलीकांड से सनसनी फैल गई। एक युवक ने अपनी सगी बहन और एक अन्य युवक को गोली मार दी। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। वहीं हायर सेंटर ले जाते समय युवती ने भी दम तोड़ दिया। एक ही वारदात में दो मौतों से गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब पौने नौ बजे अमन ने कथित तौर पर अपनी बहन रूपा और सूरज पुत्र अशोक को गोली मार दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को तत्काल झबरेड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार के दौरान सूरज की मौत हो गई।

रूपा की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही झबरेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेज दिया है।

पुलिस आरोपी अमन के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वारदात के पीछे क्या वजह रही, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। दो मौतों के बाद गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *