कुंभ निर्माण की गुणवत्ता पर भाजपा पार्षदों का हल्लाबोल

घटिया सामग्री के आरोपों से गरमाया माहौल, पीडब्ल्यूडी और ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी


हरिद्वार। कुंभ मेले की तैयारियों के बीच निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भाजपा पार्षदों ने अपनी ही सरकार के विभागीय तंत्र और ठेकेदारों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। रामकृष्ण सेवाश्रम अस्पताल के बाहर भाजपा पार्षद भूपेंद्र कुमार और सचिन अग्रवाल के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने प्रदर्शन कर पीडब्ल्यूडी और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कुंभ निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी करते हुए कथित रूप से घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। पार्षदों का कहना था कि कुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार और विभागीय स्तर पर मिलीभगत के चलते सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला काम किया जा रहा है।


‘गुणवत्ता से समझौता हुआ तो जिम्मेदारी तय हो’
भाजपा पार्षदों ने कहा कि निर्माण कार्यों में अनियमितता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। सरकारी धन से होने वाले कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी और जवाबदेही तय करना विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकार से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।


प्रदर्शन के दौरान पार्षदों ने कहा कि कुंभ से पहले शहर में बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य चल रहे हैं। ऐसे में यदि अभी से गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो संबंधित विभाग को तत्काल मौके पर जांच करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


सरकार की नीयत पर नहीं, व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल
पार्षदों ने कहा कि उनका विरोध विकास कार्यों के खिलाफ नहीं, बल्कि निर्माण की गुणवत्ता और कथित अनियमितताओं के खिलाफ है। उन्होंने सरकार से मांग की कि कुंभ निर्माण कार्यों की निष्पक्ष निगरानी कराई जाए, ताकि सरकारी धन का सही उपयोग हो और श्रद्धालुओं के लिए तैयार की जा रही सुविधाएं लंबे समय तक उपयोगी रह सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *