वीडियो, कंचन गिरि ने चक्रपाणि को दी खुली चुनौती, बोलीं- ‘हिम्मत है तो मुकदमा करो’

‘जितने मुकदमे करोगे, उतनी ताकत मिलेगी’


हरिद्वार। दुर्गा आचार्य साध्वी कंचन गिरि ने स्वामी चक्रपाणि महाराज पर तीखा हमला बोलते हुए उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। एक वीडियो संदेश जारी कर कंचन गिरि ने कहा कि यदि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कोशिश की गई तो वह भी चक्रपाणि महाराज के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि मुकदमों से वह डरने वाली नहीं हैं, बल्कि इससे उन्हें कथित तौर पर ‘पाखंडियों’ के खिलाफ लड़ाई लड़ने की और ताकत मिलेगी।


साध्वी कंचन गिरि ने अपने वीडियो संदेश में स्वामी चक्रपाणि के आचरण और सार्वजनिक गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए उन्हें ‘पाखंडी’ और ‘चरित्रहीन’ तक कह दिया। उन्होंने दावा किया कि चक्रपाणि महाराज लगातार सुर्खियों में बने रहने के लिए अलग-अलग तरह के विवादित कदम उठाते रहते हैं। उन्होंने उनके पहनावे और सार्वजनिक गतिविधियों को लेकर भी कटाक्ष किया।


वीडियो संदेश में कंचन गिरि ने स्वामी चक्रपाणि से जुड़े कई पुराने कथित मामलों और घटनाओं का जिक्र करते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि चक्रपाणि महाराज ने कथित तौर पर ‘फर्जी चित्रगुप्त अखाड़ा’ बनाया था और इसी तरह के विवादों के कारण वह चर्चा में बने रहते हैं।


कंचन गिरि ने कहा कि उन्हें कुछ संतों के माध्यम से जानकारी मिली है कि स्वामी चक्रपाणि उनके खिलाफ मुकदमा करने की तैयारी कर रहे हैं। इस पर उन्होंने खुले तौर पर चुनौती देते हुए कहा कि “जितने मुकदमे करने हैं, करिए। मुकदमों से मुझे ताकत मिलेगी और पाखंडियों के खिलाफ लड़ाई लड़ने का बल मिलेगा।”


उन्होंने स्वामी चक्रपाणि को जल्द से जल्द मुकदमा करने की चुनौती देते हुए कहा कि वह कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *