पुलिसकर्मियों ने कंबल डालकर बुझाई आग, झुलसे व्यक्ति को सीएचसी में कराया भर्ती
हरिद्वार। लक्सर कोतवाली के बाहर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने मोटरसाइकिल खड़ी करने के बाद खुद को आग लगा ली। घटना से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल कंबल की मदद से आग बुझाई। घटना में व्यक्ति झुलस गया, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लक्सर भेजा गया। बताया गया कि व्यक्ति की पहचान नारायण उर्फ नीतू के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह जमीन से जुड़े विवाद को लेकर परेशान था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, तहसीलदार लक्सर के समक्ष दर्ज कराए गए बयान में नारायण उर्फ नीतू ने अपने साले पर करीब 30 लाख रुपये वापस नहीं करने और जमीन देने से इनकार करने का आरोप लगाया है। बताया गया कि इसी विवाद को लेकर वह काफी समय से परेशान था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित तथ्यों की पड़ताल शुरू कर दी। प्रकरण की जांच वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट को सौंपी गई है। पुलिस अब दर्ज बयान में लगाए गए आरोपों के साथ जमीन विवाद से संबंधित दस्तावेजों और दोनों पक्षों के बयानों की जांच करेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल झुलसे व्यक्ति का उपचार कराया जा रहा है। वहीं, घटना के बाद कुछ समय तक कोतवाली परिसर के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।


