हरिद्वार। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुड़ मंडी मंगलौर कार लूट कांड में फरार चल रहे 5,000 के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलौर पुलिस की लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद आरोपी को हरियाणा के रोहतक क्षेत्र से दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार, 14 मार्च को गुड़ मंडी मंगलौर क्षेत्र में तीन बदमाशों ने रोहित कुमार निवासी नगला ऐमाद की कार संख्या डीएल 8 सीबीएल-0846 लूट ली थी। वारदात के दौरान बदमाशों ने भागते समय एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना के संबंध में कोतवाली मंगलौर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में मुख्य आरोपी नीरज पुत्र नरेश को 15 मार्च को ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी मंगलौर के नेतृत्व में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि फरार आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर 5,000 का इनाम घोषित किया गया था। मंगलौर पुलिस ने लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए हरियाणा के रोहतक में डेरा डाल रखा था। आखिरकार पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य उर्फ बिल्लू पुत्र राजवीर निवासी सांघी, थाना सदर, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया है।


