ट्रैक्टर से रौंदी गई 20 बीघा फसल, 1400 पेड़ नष्ट, किसान को 10 लाख का नुकसान, 9 पर मुकदमा दर्ज

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गांव ढाढेकी ढाणा में किसानों की खड़ी फसल और पेड़ों को ट्रैक्टर से रौंदकर भारी नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र के किसानों में रोष व्याप्त है।


पीड़ित किसान धर्म सिंह, निवासी ढाढेकी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी, ब्रिजेश, राजकुमार और पवन सिंह की ढाढेकी अहतमाल स्थित करीब 20 बीघा भूमि पर गन्ने की फसल खड़ी थी। साथ ही खेत में लगभग 1400 पॉपलर के पेड़ भी लगे हुए थे। आरोप है कि 2 मई की रात गांव के ही कुछ लोगों ने ट्रैक्टर लेकर खेत में घुसकर पूरी फसल और पेड़ों को नष्ट कर दिया।


नामजद आरोपियों में कालर पुत्र रतिराम, सचिन, रवि, दीपचंद, देवेंद्र उर्फ पोपीन, बाबू टोप, सत्यवान, झबर सिंह और भीम सिंह शामिल हैं। पीड़ित किसानों के अनुसार इस घटना से उन्हें करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद पीड़ितों और ग्रामीणों में आक्रोश है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।


कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आज सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *